संवाद न्यूज एजेंसी
बीघापुर। क्षेत्र के किसानों ने अवैध खनन की शिकायत विधायक से की। बताया कि मानक के विपरीत खोदाई कराई जा रही है। इसपर विधायक मौके पर पहुंचे और एसडीएम से जांच व कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र के ओसियां गांव निवासी किसान भोला, सुनीता, मैका सहित अन्य लोग बुधवार को ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। जन शिकायतों की सुनवाई कर रहे विधायक आशुतोष शुक्ला से अवैध खनन की शिकायत करते हुए बताया कि खेत के बगल से मानक के विपरीत 15 फीट गहरे तक खोदाई कर मिट्टी निकाल ली है। इससे उनके खेतों में गेहूं की फसल में पानी लगाने के वक्त खेत की मिट्टी कटकर खोदाई किए गए स्थल में चली जाती है।
मौके पर पहुंचे विधायक ने एसडीएम क्षितिज द्विवेदी को फोन कर बताया कि चोरी छिपे मानक विहीन खोदाई की जा रही है। कहा कि 17 से 18 फीट गहरी खोदाई नियम विरुद्ध है। उन्होने एसडीएम जांच कर कार्रवाई करने को कहा है।
विधायक के आने की सूचना पर भागा जेसीबी चालक
किसान भोला ने खोदाई कर रहे जेसीबी चालक को अवैध खोदाई के लिए मना किया, लेकिन उसने काम बंद नहीं किया। इसके बाद किसान ने विधायक के पास जाकर शिकायत करने की बात कही। विधायक आने की सूचना मिलते ही चालक जेसीबी लेकर भाग निकला।