उन्नाव। जिले में गुरुवार को कोरोना संक्रमित एक वृद्धा की मौत हो गई जबकि 9 महिलाओं समेत 35 और संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित जिले की तहसीलों सदर, बांगरमऊ व बीघापुर के हैं। बांगरमऊ कोतवाली के सिपाही व शहर निवासी एक स्वास्थ्य कर्मी के पिता शामिल हैं। सभी संक्रमितों को औरास व बिछिया कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्लागंज के मोहल्ला प्रेमनगर मोहल्ला में वृद्धा में 7 जुलाई कोरोना की पुष्टि हुई थी। उन्हें बिछिया के कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर 9 जुलाई को लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल रेफर कर दिया गया था। गुरुवार देर शाम उनकी मौत हो गई।
वहीं, लखनऊ पीजीआई से गुरुवार को आई रिपोर्ट में बांगरमऊ कोतवाली में तैनात 28 वर्षीय सिपाही, मुकरियाना मोहल्ला निवासी 38 व 45 वर्षीय महिलाएं, 20 साल की युवती, 46 वर्षीय महिला, 7 साल की बच्ची, 80 साल का वृद्ध, भटपुरी मोहल्ला से 23 साल का युवक, पंजाबी टोला मोहल्ला निवासी 30 साल का युवक, गोपालगंज मोहल्ले का 24 साल का युवक, कांटा गुलजारपुर निवासी 40 साल की महिला, 18 व 21 वर्षीय युवक, सदर तहसील कांशीराम में 35 व 46 साल की महिलाएं, 28, 32, 34, 35 व 38 साल के पांच युवक, सिकंदरपुर करन ब्लॉक के गांव बेथर निवासी 18 वर्षीय युवक, पाटन कस्बा निवासी 27 साल का युवक, शुक्लागंज के मोहल्ला रामनगर में एक ही परिवार में 48 साल की महिला सहित 4 लोगों के साथ जिला अस्पताल की ट्रूनेट मशीन की जांच में एक मीडिया कर्मी, शुक्लागंज के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी 25 वर्षीय युवक, शहर के अलग-अलग मोहल्ला निवासी पांच युवक और शुक्लागंज के मोहल्ला पोनी रोड निवासी मां-बेटा की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि संक्रमितों को औरास व बिछिया कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब तक जिले में कुल 402 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें स्वस्थ होने पर 161 को घर भेजा जा चुका है। 235 मरीजों का इलाज चल रहा है। इसमें 6 की मौत हो चुकी है।