घर से स्कूल जाने के लिए निकले टीचर की शुक्रवार को संदिग्ध हालत में रेलवे ओवरब्रिज से ओएचई पर गिरने से मौत हो गई। जीआरपी ने ट्रैक पर गिरे मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान की।
हालांकि परिजन आत्महत्या करने की बात को हजम नहीं कर पा रहे। टीचर को आरओबी से धक्का देकर गिराया गया अथवा उसने कूदकर आत्महत्या की। रेलवे पुलिस यह गुत्थी सुलझाने में जुटी है। मृतक हसनगंज जूनियर हाई स्कूल में विज्ञान का टीचर था और सितंबर में ही उसकी नौकरी लगी थी।
शहर कोतवाली के मोहल्ला कल्याणी निवासी राहुल मिश्रा (28) पुत्र शिवकुमार शुक्रवार सुबह 5.30 बजे घर से विद्यालय जाने के लिए निकला था। पिता के मुताबिक राहुल रोज घर से पैदल स्टेशन जाता था और वहां से ट्रेन से अजगैन स्कूल जाता था, लेकिन शुक्रवार को घर से निकलने के डेढ़ घंटे बाद उसकी मौत की सूचना मिली।
जीआरपी थानाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि सुबह छह बजे हरदोई पुल के पास से ओएचई लाइन पर युवक की पुल से गिरकर मौत होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे तो युवक की मौत हो चुकी थी। बाद में उसकी पहचान हुई।
एसआई ओपी वर्मा ने बताया कि लोगों ने जानकारी दी कि युवक पुल से गिरा है। वह कूदा है या उसे गिराया गया है, यह बात कोई नहीं बता पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष ने बताया युवक के आत्महत्या की आशंका है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।
युवक की पास नहीं मिला कोई कागज और रुपये- उन्नाव। जीआरपी की मानें तो युवक के पास से मोबाइल के अलावा कोई कागज, पर्स या फिर अन्य कोई सामान नहीं मिला है, जबकि युवक पेशे से सरकारी टीचर था और घर से काफी दूर हसनगंज स्थित जूनियर हाई स्कूल जाता था।
ऐसे में उसके पास रुपये और अन्य सामान तो रहता ही था। इससे उसके साथ किसी प्रकार की दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
आखिर पुल पर कैसे पहुंचा टीचर- उन्नाव। लोगों की मानें तो कल्याणी मोहल्ला हरदोई पुल के ठीक नीचे पड़ता है और वहां से स्टेशन तक जाने के लिए नीचे से ही रास्ता बना हुआ है। इसके बावजूद उसका पुल के ऊपर से जाना, किसी के भी गले नहीं उतर रहा है।
संपन्न घर से था युवक- उन्नाव। मृतक टीचर राहुल मिश्रा स्वयं सरकारी टीचर था और उसकी बहन सरकारी टीचर है। इसके अलावा मृतक के पिता शिवकुमार सिंह बांगरमऊ तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात हैं।