उन्नाव। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने विकास योजनाओं की प्रगति एवं वित्तीय कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सभी अफसर अपने मुख्यालय में निवास करें। मुख्यालय पर रहने का निवास प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ब्लॉकवार अधिकारियों से कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन ब्लॉकों में प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत अपात्र लोगों को आवास स्वीकृत किए गए हैं और द्वितीय किश्त जारी होने पर अपात्रता की जानकारी हुई तो ऐसे ग्राम पंचायत अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई एवं वसूली न करने वाले संबंधित अधिकारियों के वेतन से रिकवरी कराई जाए। जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देश दिए कि जनगणना प्रारंभ होने के पूर्व शत प्रतिशत शौचालय अनिवार्य रूप से पूर्ण करा लिए जाएं। मार्च तक लक्ष्य के सापेक्ष कार्य पूरा करा कर संबंधित को धनराशि का भुगतान किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी डा. राजेश कुमार प्रजापति, जिला विकास अधिकारी आरयू द्विवेदी व डीपीआरओ राजेंद्र यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।