उन्नाव। जिले में विदेशों से लौटने वाले लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य निदेशालय से गुरुवार को सीएमओ कार्यालय में विदेश से लौटने वाले 20 और युवकों की सूची भेजी गई। स्वास्थ्य टीमों ने सुबह जाकर सभी का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए घरों में ही क्वारंटीन किया।
सीएमओ कार्यालय में दो दिन पहले तक जनपद में 503 लोगों के विदेशों से लौटने की जानकारी दर्ज थी। जिनका स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें घरों में क्वारंटीन किया गया था। कोरोना जैसे लक्षण न मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने राहत की सांस ली थी लेकिन गुरुवार देर शाम स्वास्थ्य निदेशालय से जिले में वापस लौटे 20 और लोगों की सूची भेजी गई। इससे स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। शुक्रवार सुबह जिला व ब्लॉक स्तर की टीमें इन लोगों के घर पहुंची और सभी की जांच की।
फिलहाल अभी तक किसी में कोरोना वायरस से संबंधित लक्षण नहीं मिले हैं। सभी को घरों में ही क्वारंटीन किया गया है। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि टीमों को भेजकर जांच कराई गई है। फिलहाल सभी को घरों में ही क्वारंटीन किया गया है।