फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एनआरआई के घर डाका, बच्चे को गोली मारी

Wed, 30 Mar 2016 01:08 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
कोतवाली में मौजूद गोली से घायल बच्चा व तमंचे की बट से घायल की गई एनआरआई राकेश की मां जनका व लूट की शिकार बहनें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नकाबपोश डकैतों ने सोमवार रात सदर कोतवाली के डीह गांव में अनिवासी भारतीय (एनआरआई) के घर धावा बोल साढ़े तीन लाख के नगदी-जेवर लूट लिए। लूटपाट के विरोध पर गृहस्वामी की मां के सिर पर तमंचे की बट मारी। एक बच्चे को भी गोली मारकर घायल कर दिया। डकैतों ने दो घंटे तक लूटपाट की। मौके पर पहुंचे एसपी ने परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई हैं। पुलिस ने लूट में मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन



डीह गांव के राकेश विमल कई साल से कुवैत में काम करते हैं। वह दीपावली पर घर आए थे। होली के बाद रविवार शाम कुवैत लौटे थे। सोमवार रात एक बजे पांच से ज्यादा डकैत पीछे की दीवार से छत पर चढ़ गए। छत पर राकेश की पत्नी मधु दो बेटों सोनू (21), शोभित (12) और बेटी तनु (15) के साथ सो रही थीं। डकैत दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए।


कमरों में अंदर से कुंडी लगी देख फिर छत पर आए और मधु व बच्चों को बंदूकों के बल पर नीचे ले आए। मधु को गोली मारने की धमकी देकर कमरों के दरवाजे खुलवाए। जैसे ही घर की महिलाएं कमरों से बाहर निकलीं, सभी को दबोच लिया और लूटपाट शुरू कर दी।
विज्ञापन



गृहस्वामी की मां जनका के विरोध करने पर डकैतों ने सिर पर तमंचे की बट मारकर उन्हें घायल कर दिया। महिलाओं ने शोर मचाना चाहा तो आंगन में सो रहे राकेश के बहनोई सीतू के पांच साल के बेटे मयंक पर फायर झोंक दिया। मयंक की दाहिनी हथेली में गोली लगी है। यह देख सहमी महिलाओं ने जेवर उतारकर डकैतों को दे दिए। इसके बाद डकैतों ने बक्से वाला कमरा खुलवाया और 20,000 रुपये, बैंक की पास बुक आदि लूटकर मेन गेट को बाहर से बंदकर भाग निकले।


महिलाओं ने पड़ोसी संजीत और पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। तड़के चार बजे एसपी नेहा पांडेय मौके पर पहुंची। गृहस्वामी की पत्नी मधु के मुताबिक डकैतों की संख्या पांच से अधिक थी। तीन लूटपाट कर रहे थे, बाकी छत पर और इधर-उधर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। डकैत चार मोबाइल फोन भी लूट ले गए।



सीओ आरके चतुर्वेदी ने बदमाशों की संख्या चार बताई है। उन्होंने बताया कि लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। लूटे गए मोबाइल से जल्द ही सुराग मिल जाएगा। घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच के साथ कोतवाली की टीम भी लग गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें