फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीटें हैं नहीं, कैसे होगा शिक्षामित्रों का समायोजन

Mon, 13 Apr 2015 12:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। शिक्षामित्रों के समायोजन में सहायक टीचरों के पदों की कमी बाधा बन रही है। शासन ने शिक्षामित्रों के पदों को समायोजन करने का आदेश तो जारी कर दिया है लेकिन शिक्षामित्रों के इतने पदों को समायोजित कैसे किया जाना है इसका कोई स्पष्ट निर्देश जारी नहीं किया है।
विज्ञापन


ऐसे में शिक्षा विभाग के अधिकारी भी असमंजस में हैं। पदों के समायोजन के लिए वह लगातार उच्चाधिकारियों से बात कर रहे हैं लेकिन कोई रास्ता साफ नहीं हो पाया है।

शिक्षामित्रों के द्वितीय बैच के होने वाले समायोजन में जिले में 2223 शिक्षामित्रों को सहायक टीचर के पद पर समायोजित किया जाना है, लेकिन शिक्षा विभाग के आंकड़ों पर यदि ध्यान दिया जाए तो अभी तक केवल 600 पद ही प्राइमरी विद्यालयों में सहायक टीचरों के रिक्त बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन


यदि प्रमोशन प्रक्रिया भी अपनाई जाती है तो 700 पद प्रशिक्षु टीचर व 300 पद बीटीसी के अभ्यर्थियों के आरक्षित रखने हैं। बीएसए कार्यालय के कर्मचारियों की माने तो प्रमोशन में अधिकतम दो सौ टीचरों का ही प्रमोशन किया जा सकता है।

जिले में इस समय संचालित 2039 प्राथमिक विद्यालयों में 2833 सहायक टीचर पहले से ही कार्यरत हैं।
शासन की पहले से बनी नियमावली के अनुसार, संचालित प्राथमिक विद्यालयों में एक प्राथमिक विद्यालय में दो सहायक टीचर व एक प्रधान टीचर होना अनिवार्य है। वर्ष 2006 में सर्व शिक्षा अभियान लागू होने के बाद सहायक टीचर का पद ही नहीं रखा गया।

प्राइमरी विद्यालय में एक प्रधान टीचर व दो शिक्षामित्रों के रखने का आदेश शासन ने जारी किया। तब सहायक टीचर का पद ही समाप्त कर दिया गया। ऐसे में यदि सरकार सहायक टीचरों के पदों का सृजन करती है तो ही सभी शिक्षामित्रों को तैनाती मिल सकती है अन्यथा मेरिट के आधार पर शिक्षामित्रों का सहायक टीचर के पद पर समायोजन या फिर गैर जनपद स्थानांतरण ही रास्ता नजर आ रहा है।

वर्जन
बीएसए डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रमोशन प्रक्रिया अपनाई जा रही है। 15 अप्रैल तक ब्लॉकों से प्रमोशन होने वाले टीचरों की सूची भेजी जाएगी। उच्चाधिकारियों को भी समायोजन को लेकर आ रही दिक्कतों से अवगत कराया जा चुका है। जैसे ही उच्चाधिकारियों के निर्देश होंगे उसी प्रक्रिया के तहत समायोजन किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें