परियर। विकासखंड सिकंदरपुर सरोसी के सैदापुर गांव में कई बार शिकायत के बाद भी समस्याओं का समाधान न होने पर युवाओं ने खुद गांव की सफाई की जिम्मा उठाया। करीब 50 युवाओं ने टीम बनाकर स्वच्छता अभियान शुरू किया है।
युवा फावड़ा, कुदाल और कुल्हाड़ी लेकर रास्तों पर उगी झाड़ियों को साफ करने के साथ गांव में फैली गंदगी को साफ करने में जुटे हैं। सफीपुर रोड से सैदापुर गांव को जाने वाले दोनों मुख्य रास्ते वर्षों से जर्जर हैं। रास्तों पर झाड़ियां उगी हैं। कई जगह रास्तों के किनारे और घरों के बाहर पानी व कीचड़ जमा है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर युवाओं ने खुद ही सफाई का अभियान शुरू कर दिया।
अभय बाजपेई, कौशल रावत, शुभम मिश्रा, सौरभ बाजपेई और आकाश राठौर समेत 50 युवा गांव की साफ-सफाई में जुटे हैं। रास्तों से झाड़ियां हटाने के साथ ही युवा घरों के बाहर बहने वाले पानी की निकासी का भी प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए वे घर-घर जाकर लोगों के सहयोग से गड्ढे खोदकर उनमें पाइप डाल रहे हैं, ताकि रास्तों पर पानी और कीचड़ जमा न हो।