उन्नाव। बेसिक शिक्षा विभाग में हुई फर्जी नियुक्तियों के खुलासे के लिए प्रदेश सरकार एसआईटी जांच करा रही है। जांच टीम को जिले के नौ शिक्षक ऐसे मिले हैं जिन्होंने हर चार महीने में अपना पैन नंबर बदला है। टीम के सदस्यों ने आयकर विभाग के अधिकारियों से मदद लेने के साथ इन शिक्षकों की सूची तैयार कर बीएसए को भेजी है। ऐसे शिक्षकों को नोटिस भेजकर रिकार्ड मंगवाए जा रहे हैं।
आगरा व लखनऊ विश्वविद्यालयों से बीएड कर नौकरी पाने वाले शिक्षकों की प्रदेश सरकार जांच करा रही है। फर्जी शिक्षकों को सामने लाने के लिए यह जांच एसआईटी को सौंपी गई है। एसआईटी ने पिछले दिनों जिले के अलग-अलग ब्लॉकों में फर्जी अंक प्रमाणपत्र पर नौकरी करने वाले सात शिक्षकों को पकड़ा था। जिनकी सेवा समाप्त कर रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। अब जिले के नौ शिक्षक ऐसे मिले हैं जिन्होंने हर चार महीने में अपने पैनकार्ड नंबर में संशोधन कराया है। बेसिक शिक्षा निदेशक कार्यालय से उनकी सूची बीएसए कार्यालय भेजी गई है। बीएसए प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि ऐसे शिक्षकों को नोटिस जारी किया जा रहा है। वह अपने मूल अभिलेखों के साथ पैन व आधार नंबर लेकर उपस्थित होंगे। इसकी दोबारा जांच होगी। उसमें जो दोषी मिलेगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
इन शिक्षकों के पैन नंबरों में मिला संशोधन
ब्लॉक स्कूल शिक्षक
बांगरमऊ प्राथमिक स्कूल बहादुरखेड़ा वीरपाल सिंह
बांगरमऊ प्राथमिक स्कूल चहल्ला श्रीकांत
बांगरमऊ प्राथमिक स्कूल जजरौली कृपाशंकर
बांगरमऊ उच्च प्राथमिक स्कूल सगौदा प्रतीक्षा द्विवेदी
बांगरमऊ प्राथमिक स्कूल कुरसठ द्वितीय मो. असलम अंसारी
बांगरमऊ प्राथमिक स्कूल मदार नगर करन सिंह
बिछिया प्राथमिक स्कूल ओरहर द्वितीय शमिला शर्मा
बिछिया उच्च प्राथमिक स्कूल सुरैया कटिया यास्मिन फातिमा