फोटो-6-पत्रकारों से वार्ता करते नवागत डीएम घनश्याम मीणा। संवाद
-फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने की लागू होगी व्यवस्था
-डीएम घनश्याम मीणा बोले, लोगों को तुरंत न्याय दिलाना ही होगी प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। शासन स्तर से तय समय सुबह 10 से 12 बजे तक होने वाली जनसुनवाई में एसडीएम व बीडीओ को भी वीडियो कांफ्रेंसिंग से जोड़ा जाएगा। इसके जरिए शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे एक तरफ फरियादियों को मुख्यालय से लेकर तहसील तक की भागदौड़ से छुटकारा मिलेगा। साथ ही अधिकारियों की जनसुनवाई में शत प्रतिशत उपस्थिति पर दर्ज होगी। यह बात नवागत डीएम घनश्याम मीणा ने पत्रकारों से बातचीत में दी।
पत्रकार वार्ता में डीएम ने बताया कि उन्होंने हमीरपुर में पोस्टिंग के दौरान यह नवाचार शुरू किया था। इसका काफी अच्छा रिजल्ट भी मिला था। लोगों को समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ा था। यही व्यवस्था वह यहां पर लागू करेंगे। मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले घनश्याम मीणा 2015 बैच के आईएएस हैं। बिहार कैडर के आईएएस घनश्याम मीणा की पत्नी अनीता वर्ष 2017 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं। उनके प्रदेश में कार्यरत होने के कारण 2020 में घनश्याम मीणा को उत्तर प्रदेश कैडर आवंटित हुआ।
वह मुख्य विकास अधिकारी अंबेडकर नगर और फिरोजाबाद नगर निगम में नगर आयुक्त रह चुके हैं। डीएम के रूप में पहली पोस्टिंग हमीरपुर मिली थी। 19 माह काम करने के बाद बुधवार सुबह 10 बजे कोषागार पहुंचकर जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण किया। इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक की। पत्रकारों से कहा कि जाम, प्रदूषण, ओवरलोडिंग, अवैध खनन पर रोक के लिए टीमें बनाकर कार्रवाई करेंगे।
छुट्टा मवेशियों की भी समस्या पर अंकुश लगाएंगे। विकास व राजस्व में खराब रैंकिंग में सुधार कराएंगे। बताया कि फिरोजाबाद में पोस्टिंग के दौरान स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में अच्छे कार्य के लिए उन्हें देशभर में पहला स्थान मिला था। जिले में भी बढ़ते प्रदूषण में सुधार पर विशेष नजर रहेगी। वार्ता के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व सुशील कुमार गोंड सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।