रंगदारी ने देने पर दबंग ने रविवार देर शाम घर के बाहर खड़े प्रापर्र्टी डीलर पर तमंचे से फायर कर दिया। सिर में छर्रे लगने से घायल प्रापर्टी डीलर को बांगरमऊ से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने घटना की रिर्पाट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बांगरमऊ कस्बा के मोहल्ला पुरबिया टोला निवासी सरकार आलम उर्फ मुन्ना (35) प्रापर्टी डीलिंग का काम करता है, पिछले कुछ दिनों से उसका कसबा टोला निवासी अतीक से विवाद चल रहा था। पीड़ित के मुताबिक अतीक उससे 20 हजार रुपये की मांग कर रहा था और न देने पर गोली मारने की धमकी दे रहा था।
पीड़ित के मुताबिक रविवार शाम वह घर के बाहर खड़ा था, अतीक खां आया और रुपयों की मांग करने लगा और न देने पर उस पर तमंचे से फायर करके भाग निकला। सफीपुर सीओ आरपी सिंह ने बताया कि रुपयों के लेनदेन के विवाद में गोली चली है। रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।