शारदीय नवरात्र 13 अक्तूबर से शुरू हो रहा है। नवरात्र भर समूचा जिला भक्तिमय दिखेगा। सोमवार को पूरे दिन देवी मंदिरों में साफ-सफाई व सजावट का कार्य हुआ। घरों में भी श्रद्धालुओं ने कलश स्थापना की तैयारी हुई। नवरात्र पर्व को लेकर बाजारों में खूब चहल-पहल रही। लोगों ने पूजा-पाठ व व्रत सामग्री की खरीददारी की।
सोमवार को शहर के कालेज रोड स्थित गायत्री मंदिर, बाईपास स्थित अन्नपूर्णा धाम, बड़ा चौराहा स्थित बड़े दुर्गा मंदिर, पौराणिक कल्याणी माता मंदिर, आवास विकास स्थित दुर्गा मंदिर सहित सभी मंदिरों में नवरात्र की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
साथ ही मंदिरों में भव्य सजावट की जा रही है। मां दुर्गा की पूजन व आरती का विशेष इंतजाम किया गया। मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों की माने तो नवरात्र भर मंदिरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ व भजन-कीर्तन के अलावा रात्रि जागरण की धूम रहेगी।
इसके अलावा घरों में भी भक्त कलश स्थापना करने की तैयारी में जुटे रहे। इसके लिए लोगों ने बाजार पहुंचकर पूजन व व्रत सामग्री, मां दुर्गा की मूर्तियों, फल-फूल, मिठाई, नारियल आदि की खरीददारी की।
इसके अलावा जिले के अन्य क्षेत्रों के देवी मंदिरों में भी नवरात्र की तैयारियां जोरों पर रहीं। मंदिरों में कमेटी के लोगों ने नवरात्र के पहले दिन होने वाली भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए सारी व्यवस्थाओं को चाक चौबंद कर लिया है।