अचलगंज। नगर पंचायत कार्यालय में तैनात महिला संविदा कर्मी ने अध्यक्ष पर अपमानित करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। थाने पहुंची महिला कर्मी के अचेत होकर गिर गई, पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।
नगर पंचायत में कार्यालय सहायक पद पर कार्यरत आटा गांव निवासी ऋचा मिश्रा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बुधवार दोपहर वह कार्यालय में काम कर रही थीं। इसी दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, पति के साथ कार्यालय पहुंची और अपने ऑफिस में बुलाया। पीड़िता के अनुसार उसपर एक व्यक्ति से एक हजार रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए अपमानित किया। इसके बाद ऋचा मिश्रा, पिता के साथ अचलगंज थाने पहुंची और तहरीर देने के दौरान अचेत होकर गिर गईं। पुलिस ने इलाज व मेडिकल के लिए सीएचसी भेजा है। वहीं अध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा ने आरोप को गलत और बदनाम करने व झूठे मुकदमें में फंसाने की साजिश बताया। उन्होंने भी तहरीर देने की बात कही है। एसओ राजेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि एक पक्ष की तहरीर मिली है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।