भैंस खोलकर भाग रहे चोरों को ग्रामीणों ने पकड़ा
- कुत्तों के भौंकने से दंपती की टूटी नींद, ग्रामीणों की मदद से किया पीछा
- चार से पांच चोर मौके से भागे, पकड़े गए चोरों से पुलिस कर रही पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
बीघापुर। रेलवे स्टेशन मार्ग पर ओसियां गांव के कैंची मोड़ के निकट दरवाजे बंधी भैस रात में चोर खोल ले गए। कुत्तों के भौकने पर दंपती की नींद खुल गई। भैंस गायब देख पड़ोसियों को बताया और तलाश शुरू की। मर्दनपुर मोड़ के पास कुछ लोग लोडर में भैंस ले जाते दिखे। पीछा करके दो चोरों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। जबकि अन्य चोर मवेशी सहित लोडर लेकर भाग निकले।
कोतवाली क्षेत्र के गांव ओसियां के कैंची मोड़ निवासी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार रात भैंस घर के बाहर छप्पर के नीचे बंधी थी। रात में चोरों ने उसे खोल लिया और लोडर में लादकर भागने लगे। कुत्तों के भौंकने पर उनकी नींद खुल गई। बाहर जाकर देखा तो भैंस गायब थी। पड़ोसियों की मदद से उसकी तलाश शुरू की। लालगंज हाईवे पर मर्दनपुर गांव के पास एक खेत में आधा दर्जन लोग भैंस को लोडर वाहन में लादते हुए दिखाई दिए।
ग्रामीणों ने दो चोरों को पकड़ लिया। जबकि अन्य मौके से भाग निकले। कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार शुक्ल ने बताया कि पीड़ित अरुण कुमार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पकड़े गए चोरों से पूछताछ की जा रही है।