कोल्ड डायरिया और बुखार के सात मरीज भर्ती, दो बच्चे भी शामिल
- डेंगू के बाद अब इस बीमारी से पीड़ित पहुंच रहे जिला अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। ठंड बढ़ने के बाद से बुखार के साथ कोल्ड डायरिया से पीड़ित मरीज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। इससे बच्चे भी प्रभावित हो रहे हैं। बुधवार को उल्टी-दस्त से पीड़ित दो बच्चों सहित सात मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया।
डेंगू के बाद अब उल्टी-दस्त, बुखार और पेट दर्द के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। डॉक्टर इसे कोल्ड डायरिया बता रहे हैं। इसमें बच्चे और युवा इसका शिकार हो रहे हैं। बुधवार को जैतीपुर के सराय इंदल निवासी रामशंकर का पुत्र पूर्वांश (1), शुक्लागंज के बहादुर (45), कांशीराम कालोनी के सूरज (60), बारासगवर के पुरौना निवासी अंबिका (60), हिंदूखेड़ा की शिवांशी (17), शेखपुर नरी के रजोल के पुत्री सोनाली (डेढ़ साल) और नथईखेड़ा की नीलम (32) को उल्टी दस्त के साथ बुखार आने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
कोल्ड डायरिया के लक्षण
ठंड के कारण उल्टी-दस्त होना, बुखार आना, शरीर में पानी की कमी होना।
बचाव के उपाय
जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित श्रीवास्तव बताते हैं कि कोल्ड डायरिया से सबसे ज्यादा बच्चे प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए बच्चों को बदलते मौसम में ठंड से बचाना चाहिए। खाने में गर्म भोजन देना चाहिए। साफ सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। खाना खाने से पहले बच्चे का हाथ साबुन से धुलवाना चाहिए।