उन्नाव कचहरी में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता रामकुमार यादव निवासी दारोगाखेड़ा थाना अचलगंज ने बताया कि उनकी पत्नी गोमती देवी यादव का खाता बैंक आफ इंडिया की तारगांव शाखा में है। बताया कि वह रविवार देरशाम पत्नी का एटीएम कार्ड लेकर एचडीएफसी बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए थे। रुपये तो नहीं मिले पर एटीएम से 99.99 करोड़ बैलेंस की पर्ची निकली। रविवार होने के चलते वह घर चले गए और सोमवार को पत्नी को बैंक भेजा। बताया कि पत्नी को बैंक अफसरों ने इसे कंप्यूटर की गलती बताते हुए एक-दो दिनों में खाते को दुरुस्त कर देने का आश्वासन दिया है। वहीं इस बारे में बैंक मैनेजर शैलेश कुमार ने बताया कि गोमती देवी ने बैंक से लोन ले रखा है। इस कारण उनका खाते से निकासी पर रोक लगा दी गई। इससे एटीएम की पर्ची माइनस में आ रही होगी। कहा कि उनके घर में शादी होने के चलते फिलहाल निकासी पर रोक हटा दी गई है।