परियर/उन्नाव। जमीन पर कब्जे के विवाद में भूमि विक्रेता ने दोस्त के साथ मिलकर कानपुर के प्रापर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्यारों ने उसे जमीन पर कब्जा देने के बहाने मंगलवार को बुलाया था। सूचना पर पहुंचे मृतक के पिता ने परियर गांव निवासी भूमि विक्रेता समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के परियर गांव निवासी रमेश निषाद ने एक साल पहले बठूर मार्ग पर स्थित चार बीघा जमीन दरियापुर गांव निवासी गोला निषाद और सईदापुर निवासी रामकिशोर को बेची थी। रुपये न मिलने के कारण रमेश ने जमीन से कब्जा नहीं छोड़ा।
इस पर गोला निषाद और राम किशोर ने कल्याणपुर थानाक्षेत्र के नई बस्ती खेड़ा निवासी प्रापर्टी डीलर निसार अहमद (40) के जरिए इस जमीन को कानपुर के तिलक नगर निवासी मनीषा ओमर पत्नी दिनेश गुप्ता और सत्यम नगर, कल्याणपुर निवासी अजीत सिंह को बेच दी। इसके बावजूद कब्जा न छोड़ने पर करीब छह दिन पहले निसार अहमद, रमेश को अपने साथ कानपुर लेकर गया और दबाव बनाया।
इसपर वह जमीन पर कब्जा देने को तैयार हो गया। मंगलवार दोपहर निसार अहमद अपने साथी रमेश चौहान, प्रेमसागर पाल, लल्लू मल्लाह के साथ जमीन पर कब्जा करने और पोल लगवाने के लिए परियर गांव पहुंचा। रमेश निषाद फिर मुकर गया। निसार अहमद को रमेश और लल्लू ने जमकर शराब पिलाई। इस दौरान विवाद हुआ तो रमेश और लल्लू ने निसार अहमद के साथ मारपीट करते हुए गोली मार दी।
गोली गर्दन में लगने से निसार अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। गोली मारने के बाद दोनों हत्यारोपी भाग निकले। ग्रामीणों की सूचना पर परियर पुलिस चौकी इंचार्ज ज्ञानेंद्र पांडेय, दरोगा कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। इसी बीच सफीपुर सीओ आरके सिंह भी पहुंच गए।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी और घटना की तफ्तीश शुरू की। रात करीब आठ बजे पहुंचे मृतक के पिता ने रमेश निषाद और लल्लू निषाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ ने बताया कि हत्यारों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।