शहर कोतवाली के मोहल्ला ईदगाह निवासी सास-बहू में पारिवारिक विवाद को लेकर मारपीट हुई। बहू भागकर कोतवाली पहुंची। पीछे से सास भी पहुंच गई। कोतवाली गेट के पास दोनों का आमना-सामना हुआ तो मारपीट और पथराव हो गया। सास-बहू समेत चार घायलों का पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया।
ईदगाह कॉलोनी निवासी रेशमा पत्नी इमरान का सास जरीना से गुरुवार सुबह पारिवारिक विवाद के बाद मारपीट हो गई। झगड़ा इतना बढ़ा कि रेशमा अपनी मां मोहसिना के साथ कोतवाली पहुंच गई और सास पर मारपीट का आरोप लगाया।
दरोगा ने उससे लिखित प्रार्थना पत्र देने को कहा। रेशमा तहसील परिसर में अधिवक्ता से प्रार्थनापत्र लिखवाने जा रही थी। इसी दौरान उसकी सास जरीना और चचेरी सास हिना भी कोतवाली पहुंच गई।
कोतवाली गेट पर चारों का आमना-सामना हुआ तो फिर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक- दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंके। पथराव और मारपीट में चारों लोगों को चोटें आई। मारपीट होते देख सिपाही मौके पर पहुंचे और दोनों को शांत कराकर कोतवाली लाए।
दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने जिला अस्पताल में सभी की मरहम पट्टी कराई। कोतवाली प्रभारी प्रदीप यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।