फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उन्नाव में भी दौड़ेगी मेट्रो

Wed, 21 Jan 2015 12:15 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। जनपद में जल्द ही दिल्ली व नोएडा की तर्ज पर मेट्रो दौड़ती नजर आएगी। जिलेवासी भी मेट्रो के सफर का आनंद ले सकेंगे। कानपुर-लखनऊ मेट्रो परियोजना के तहत मेट्रो को उन्नाव के गंगाबैराज मार्ग से होकर गुजारने की योजना तैयार की गई है।
विज्ञापन


अमलीजामा पहनाने के लिए बुधवार को शासन में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक बुलाई गई है। जिसमें कानपुर कमिश्नर से लेकर उन्नाव की डीएम को भी उपस्थित रहने को कहा गया है।
 
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मेट्रो दौड़ाने की दिशा में तेजी के साथ काम चल रहा है। बताया जाता है कि लखनऊ मेट्रो का कानपुर तक प्रसार किया जाएगा। मेट्रो के कानपुर तक प्रसार कराने में मध्य में उन्नाव आता है। जानकारों की मानें तो लखनऊ मेट्रो के अमौसी से बैराज क्षेत्र होकर कानपुर तक प्रसार कराया जाएगा।
विज्ञापन


मेट्रो के लिए बैराज क्षेत्र की आने वाली जमीन अधिग्रहण की जाएगी। अधिकारियों को इसके लिए ऐसी भूमि का चिन्हांकन करने के आदेश जारी किए हैं जिसमें किसानों की सहमति हो। कहा है कि किसान किसी प्रकार का विवाद न करें बल्कि उन्हें इसमें विकास की संभावनाएं दिखें।

पिछले साल दिसंबर में आयुक्त कानपुर मंडल ने मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में लखनऊ मेट्रो के कानपुर तक प्रसार के लिए प्रस्तावित की गई कार्ययोजना से संबंधित एक बैठक बुलाने का अनुरोध किया था। इसके बाद मुख्य सचिव ने इसे संज्ञान में लेकर बैठक की तारीख दी।

यह बैठक बुधवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में लखनऊ में होगी। अनु सचिव इन्द्रसेन ने इसके लिए कानपुर, उन्नाव के जिलाधिकारियों के साथ अन्य संबंधित विभागों के अफसरों को पत्र भेजकर उपस्थित होने को कहा है। बैठक में लीडा व केडीए के क्षेत्रों में हो रहे अनाधिकृत निर्माण पर भी चर्चा की जाएगी।

बैराज मार्ग से मेट्रो गुजारने से होंगे कई फायदे
विकास भवन के सूत्रों के मुताबिक, बैराज मार्ग से मेट्रो गुजारने के पीछे शासन की मुख्य मंशा यह है कि इससे लखनऊ-कानपुर ट्विन सिटी लीडा की योजनाओं को बल मिलेगा।

गंगा बैराज क्षेत्र की योजनाओं में लोगों का आकर्षण बढ़ेगा। इससे यहां के विकास में मदद मिलेगी। सूत्रों का यह भी कहना है कि अभी कुछ समय पूर्व गंगा बैराज क्षेत्र के कन्हवापुर में सूबे के मुख्यमंत्री ने हाईटेक ट्रांसगंगा सिटी का शिलान्यास किया था।

गठित होगी परीक्षण समिति
लखनऊ मेट्रो के कानपुर तक प्रसार किए जाने की योजना को अमलीजामा पहनाए जाने के लिए एक परीक्षण समिति गठित की जाएगी।

समिति में आयुक्त कानपुर मंडल, प्रमुख सचिव आवास के प्रतिनिधि, डीएम कानपुर नगर/उन्नाव, केडीए उपाध्यक्ष, लखनऊ मेट्रो परियोजना के निर्माण से संबंधित मुख्य अभियंता, संबंधित रेलवे जोन के चीफ इंजीनियर, पीडब्ल्यूडी कानपुर के मुख्य अभियंता और उच्च स्तरीय विकास समिति के समन्वयक शामिल रहेंगे। परीक्षण समिति में लीडा के प्रतिनिधि को भी नामित करने की मांग की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें