फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्रामीणों न लगाई शिकायतों की झड़ी

Sat, 30 Apr 2016 12:12 AM IST
ब्यूरो अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
निरीक्षण करते अधिकारी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
सचिव राजस्व परिषद व जिले के नोडल अफसर धीरज साहू के सामने गांव के लोगों ने पेंशन संबंधी शिकायतों की झड़ी लगा दी। यह स्थिति तब रही जब पूर्व में परियोजना निदेशक ने गांव मेंनिरीक्षण के दौरान पेंशन संबंधी समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए थे। सचिव ने इसे गंभीरता से लेते हुए एडीओ समाज कल्याण को निशाने पर लेते हुए जमकर फटकार लगाई। निर्देश दिए कि पेंशन संबंधी जो भी शिकायतें हैं उन्हें तत्काल दूर किया जाए। डीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि इन शिकायतों की जांच कराएं और जो भी दोषी हो उस पर कार्रवाई करें।
विज्ञापन

नोडल अफसर धीरज साहू शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे देवरी गांव पहुंचे और चौपाल में समस्याएं सुनने की शुरुआत की। गांव की पात्र रजाना, सुंदरी, गोमती, राजबाबू आदि ग्रामीणों ने पेंशन सूची में नाम दर्ज न होने की शिकायत सचिव से की। नोडल अफसर ने एडीओ समाज कल्याण रजा अली से मामले का कारण पूछा। वह कोई जवाब नहीं दे सके। उन्होंने बीडीओ धीरेंद्र यादव को मौके पर बुलाकर कहा कि वह कभी गांव नहीं आते हैं इसलिए समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने पेंशन संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को एक सप्ताह का समय दिया। इसी बीच गांव के लालता प्रसाद ने घर के दरवाजे पर लगे बिजली के खंभे में करंट उतरने की शिकायत की। बताया कि एक साल पहले सीमा नाम की लड़की की करंट की चपेट में आकर मौत भी हो गई थी। इसके बाद भी आज तक समस्या सही नहीं हो सकी। नोडल अफसर ने क्षेत्रीय जेई अजय श्रीवास्तव को तत्काल इस समस्या को दूर करने के निर्देश दिए। गांव के रामलाल ने दरवाजे पर लगे हैंडपंप के खराब होने और गांव के अन्य हैंडपंपों से गंदा व बदबूदार पानी निकलने की समस्या बताई। सचिव ने जलनिगम अधिकारी को तलब किया तो वह सही जानकारी नहीं दे सके। इस पर उन्होंने खराब हैंडपंपों को चिह्नित कराकर सूची मुख्यालय पर भेजने के निर्देश दिए।

जहां गए मिली खामियां, लगाई फटकार
जनता चौपाल में नोडल अफसर को गांव के ही तीन बच्चे कुपोषित होने की जानकारी हुई तो उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने सीडीपीओ मीना यादव को छह माह में बाद भी कुपोषित बच्चों की सूची अपडेट न करने पर फटकार लगाई। कहा कि इन बच्चों को पौष्टिक भोजन दिलाने के साथ ही विभागीय सहायता दिलाएं। गांव के अमृतलाल की वरासत होने के बाद निशुल्क खतौनी न देने पर लेखपाल को फटकार लगाई । गांव के रवींद्र की तहसील दिवस में की गई शिकायत को हल न करने पर तहसीलदार को भी सचिव के गुस्से का शिकार होना पड़ा। सचिव ने गांव का भ्रमण कर इंदिरा, लोहिया आवास, शौचालय व सीसी रोड का सघन निरीक्षण किया। गांव में 95 स्वच्छ शौचालय व 13 इंदिरा आवास बने पाए गए। एक खराब मिली सोलर लाइट को सही कराने के निर्देश नोडल अफसर ने दिए।
विज्ञापन


खुद खाते हो गुटखा कैसे साफ रखोगे स्वास्थ्य केंद्र
देवरी गांव में चौपाल के बाद नोडल अफसर बिछिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। मुख्य द्वार पर पान मसाले की पीक व गंदगी देख चिकित्साधिकारी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब खुद गुटखा खाकर घूम रहे हो तो अस्पताल की गंदगी कैसे दूर करोगे। चिकित्साधिकारी बगलें झांकने लगे। सचिव ने नेत्र, बर्न, चिकित्साधिकारी कक्ष, औषधि वितरण व प्रसव कक्ष सहित सभी वार्डों का निरीक्षण किया। स्टाफ न मिलने पर उन्होंने निर्देश दिया कि जब तक व्यवस्था न हो दूसरी जगह के स्टाफ को यहां पर अटैच करो। केंद्र में भर्ती मरीजों ने बिजली व पानी की समस्या बताया। नोडल अफसर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं के तुरंत निस्तारण के लिए आदेशित किया। निरीक्षण के दौरान डीएम सौम्या अग्रवाल, सीडीओ संजीव सिंह, डीडीओ नरेश बाबू सविता, पीडी रामकृपाल चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थिति रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें