उन्नाव। शहीद गुलाब सिंह लोधी के 90वें बलिदान दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। वहीं, पैतृक गांव में केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद ने पहुंचकर प्रतिमा पर माल्यार्पण करके श्रद्धांजलि अर्पित की।
अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी स्मारक संघर्ष समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह लोधी के नेतृत्व में गांधी नगर तिराहा से निकाली गई तिरंगा यात्रा को भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला ने रवाना किया। गाजे-बाजे के साथ निकाली गई यात्रा छोटा चौराहा, बड़ा चौराहा व हरदोई पुल होते हुए निराला प्रेक्षागृह पहुंची। जहां पर बलिदान दिवस पर कार्यक्रम हुआ।
मुख्य अतिथि प्रो. हुकुम सिंह देशराजन ने कहा कि शहीद का बलिदान दिवस शासकीय स्तर पर प्रतिवर्ष मनाया जाना चाहिए। शहीद देश के लिए बलिदान होता है। जाति धर्म नहीं देखना चाहिए। अखिल भारतीय लोधी महासभा इसके लिए प्रदेश व केंद्र सरकार से बात करेगी। संचालन राज राजपूत ने किया। इस दौरान पुरवा नगर पंचायत चेयरमैन रेनू गुप्ता, उत्तम चंद्र लोधी, रमेश चंद्र लोधी, डॉ. प्रेमशंकर लोधी, सरोज लोधी, राम भिखारी वर्मा, लल्लन लोधी, डॉ. मुरली प्रसाद आदि मौजूद रहे।
गंजमुरादाबाद के चिंगरपुरवा में तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रीय लोधी युवा महासभा के जिला मंत्री गुरु सहाय राजपूत के नेतृत्व में सैकड़ों बाइक सवार लोग तिरंगा लेकर चिंगरपुरवा से सुलतानपुर, गंजमुरादाबाद व बांगरमऊ होते हुए फतेहपुर चौरासी पहुंचे। जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगी प्रतिमा पर पुष्प और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। यात्रा उनकी जन्मस्थली चंदिकाखेड़ा भी पहुंची। वहां भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। शैलेंद्र राजपूत, प्रताप लोधी, प्रमोद कुमार लोधी, अमित कुमार और गोविंद आदि ने यात्रा में भाग लिया।
उधर, ब्लाक सरोसी क्षेत्र के जंगेनगर चौराहा स्थित शहीद गुलाब सिंह लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा को राजेश राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा बरबटपुर, रायसिंहखेड़ा, नगवा, परमनी, अमलोना, मोहिददीनपुर,चंदनखेड़ा, घुसौली, पंडितखेड़ा आदि गांवों का भ्रमण करते हुए वापस चौराहे पर संपन्न हुई। इस दौरान राधेश्याम लोधी भी मौजूद रहे।
शहीद के गांव में विकास के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री ने बजट देने का दिया आश्वासन
फतेहपुर चौरासी। शहीद गुलाब सिंह लोधी के पैतृक गांव चंद्रिकाखेड़ा में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने पहुंचकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने गांव के विकास के लिए 10 से 15 लाख रुपये देने का आश्वासन दिया। राज्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले बलिदानियों को भुलाया नहीं जा सकता है। अन्य शहीदों की तरह गुलाब सिंह लोधी को प्रसिद्धि नहीं मिल पाई थी लेकिन आज गांव ही नहीं पूरे जिले का गौरव बने अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी को जन-जन याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब अंग्रेजों के भय से तिरंगे को फहराने की कोई हिम्मत नहीं कर पा रहा था। तब इस गांव के वीर सपूत ने लखनऊ के अमीनाबाद पार्क में 23 अगस्त 1935 को अंग्रेजों की कड़ी सुरक्षा के बीच तिरंगा फहराया था। इस दौरान वह अंग्रेजों की गोलियों से शहीद हो गए थे।
अध्यक्षता कर रहे सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी ने अपने बलिदान से जिले का नाम रोशन किया है। हम सभी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। विधायक श्रीकांत कटियार, बंबालाल दिवाकर, ब्रजेश रावत, आशुतोष शुक्ला, अनिल सिंह, गोमती लोधी, श्रीकृष्ण लोधी व ब्लाक प्रमुख मनोज निषाद ने भी शहीद के जीवन पर प्रकाश डाला। डीएम गौरांग राठी व सीडीओ प्रेम प्रकाश मीणा ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए। शहीद के वंशज महादेव, सूबेदार, राजाराम व मुकेश लोधी को सम्मानित किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन मुकेश पाल ने किया। इस मौके पर आयोजक अवधेश लोधी, ग्राम प्रधान माया देवी, अतुल मिश्रा, चेयरमैन मिथलेश जायसवाल, रामगोपाल पांडेय, राकेश कुशवाहा, रणधीर सिंह, सभासद ओमेंद्र लोधी पंकज आदि मौजूद रहे। (संवाद)