उन्नाव। अजगैन कोतवाली कैथनखेड़ा गांव में निर्माणाधीन नाले में भरे बारिश के पानी में गिरकर वृद्ध किसान की मौत हो गई। पुलिस ने जांच की और पोस्टमार्टम कराया।
अजगैन कोतवाली के कैथनखेड़ा गांव निवासी किसान कल्लू (69) गुरुवार देर शाम परिवार के साथ खाना खाने के बाद फसल को छुट्टा मवेशियों से बचाने के लिए खेत जा रहा था। खेत के ही पास ही जिला पंचायत से बनवाए जा रहे करीब 400 मीटर नाले में भरे बारिश के पानी में गिरकर कल्लू की मौत हो गई। निर्माणाधीन नाला 200 मीटर बन चुका है। बाकी हिस्से का काम चल रहा है। काफी देर बाद जब किसान घर नहीं लौटा तो पत्नी मुन्नी भतीजे आशुतोष के साथ तलाश करने निकलीं।
उधर, खेत से आ रही गांव की दूसरी युवती ने नाले में शव देख सूचना परिजनों को दी। शव मिलने से चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने परिजनों की मदद से शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम कराया। मृतक के दो बेटों में सुरेश अपनी पत्नी के साथ गुजरात में रहता है। दूसरा बेटा मुकेश पिता के साथ ही रहता है। कोतवाल अवनीश कुमार सिंह ने बताया भतीजे आशुतोष की सूचना पर पोस्टमार्टम कराया गया है।