उन्नाव। महिलाओं की शिकायतों की सुनवाई और तत्काल निस्तारण के लिए पुलिस विभाग की ओर से आयोजित महिला समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने महिलाओं की शिकायतें सुनीं और रिपोर्ट दर्ज कर संबंधित थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। हालांकि प्रचार-प्रसार के अभाव के चलते समाधान दिवस में अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं रही। कुल 33 मुकदमे दर्ज किए गए। वहीं पति व ससुराल से पीड़ित 37 महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई।
पति, परिवार, पड़ोसी या समाज से पीड़ित महिलाओं की शिकायतों की सुनवाई के लिए शनिवार को पुलिस लाइन में महिला समाधान दिवस (शक्ति विशेष सुनवाई दिवस) का आयोजन किया गया। इनमें जमीन पर दबंगों के कब्जा करने। पड़ोसी द्वारा रास्ता और जल निकासी रोकने, दहेज के लिए पति व ससुरालीजनों के उत्पीड़न, राह चलते छेड़छाड़ और मोबाइल पर आपत्तिजनक एसएमएस भेजने जैसी शिकायतों की भरमार रही।
डीएम सौम्या अग्रवाल और एसपी महेंद्र पाल सिंह ने पीड़ितों की समस्याएं सुनीं और 33 मुकदमे दर्ज करने के निर्देश दिए। पति-पत्नी व ससुरालीजनों से विवाद के 37 मामले परिवार परामर्श केंद्र में दर्ज किए गए। इनमें 4 जोड़ों की काउंसलिंग कर उन्हें एक साथ रहने के लिए सहमत किया गया। आपसी सहमति न बनने पर 5 प्रार्थनापत्रों में पति व ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए।