बीघापुर(उन्नाव)। महाकवि महाप्राण पंडित सूर्यकांत त्रिपाठी निराला की 123वीं जयंती उनके पैतृक गांव व कर्मस्थली गढ़ाकोला में मनाई गई। सांसद ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर साहित्य के क्षेत्र में उनके किए गए योगदान पर चर्चा की। वक्ताओं ने महाकवि निराला को महाकवि तुलसीदास के बाद दूसरा लोकनायक बताया।
पंडित सूर्यकांत त्रिपाठी निराला की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि समाज के विषमताओं से लड़कर आमजन की आवाज बनने वाले निराला सदैव अनुकरणीय रहेंगे। उन्होंने अपने साहित्य के माध्यम से समाज और देश को दिशा देने का जो काम किया है उसको आगे ले जाने की जिम्मेदारी हम सब की है। निराला राष्ट्रवाद के कवि थे। सांसद ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश का बंटवारा जवाहरलाल और जिन्ना की विचारधारा के चलते हुआ था। आज वही विपक्ष के लोग देश को बांटने पर तुले हैं। निराला स्मारक समिति के महामंत्री रमेश तिवारी ने कहा कि निराला का साहित्य शोषित पीड़ित व उपेक्षित वर्ग का नेतृत्व करता है। उनके साहित्य में बिल्लेश्वर बकरिहा, चतुरी चमार व कुल्ली भाट उनके साहित्य का दर्पण है। जिला भाजपा उपाध्यक्ष संजय शुक्ला ने कहा निराला जन सामान्य के कवि थे। उन्होंने जनता की दर्द के प्रति संघर्ष किया और उसे अपनी रचनाओं में उतारा है। चेयरमैन गोविंद नारायण शुक्ला ने निराला को अक्खड़ व फक्कड़ स्वभाव का सच्चा जनहितैषी बताया।
जिला पंचायत सदस्य विनोद लोधी ने कहा कि निराला ने जो जीवन में जिया वही साहित्य में मूर्त रूप देकर साकार किया है। श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे कवियों ने कविता के माध्यम से निराला को श्रद्धांजलि अर्पित की। पंचायत भवन परिसर में आयोजित निराला स्मारक समिति के कार्यक्रम में कवि वीरेंद्र शुक्ला, सीके बाजपेई, मनोज, सरल, रामकुमार, कुमुद, पिंटू तिवारी, अनुज तिवारी, संध्या सिंह कवियों ने काव्य पाठ किया। समारोह में डा. गंगाधर पटेल, प्रेमशंकर लोधी, शिवम द्विवेदी, विनय पटेल, सुभाष बाजपेई, प्रधान पति नौशाद खान, मनीराम शुक्ला, शत्रुघ्न गुप्ता, पप्पू अग्निहोत्री ने निराला के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। महाकवि के आवास पर प्रतिमा पर माल्यार्पण करने वालों का उनके वंशज राजकुमार त्रिपाठी ने सभी का स्वागत किया।
वहीं, शहर के बड़ा चौराहा स्थित निराला की प्रतिमा की सफाई के साथ माल्यार्पण किया गया। जिसमें अतुल मिश्रा, शैलजा शरण शुक्ल, राजेश शुक्ला सहित अन्य लोग शामिल रहे।
पर्यावरण व जल संरक्षण पर हुई गोष्ठी महाप्राण निराला पीजी कॉलेज में जयंती अवसर पर पर्यावरण एवं जल संरक्षण पर गोष्ठी का आयोजन हुआ। प्राचार्य डॉ सुरेंद्र सिंह ने कहा हम सभी यह संकल्प करें कि पर्यावरण प्रदूषित न करें तथा जल का संचयन करें। जीवन की ये दोनों ही अमूल्य निधि है। यहां डॉ. मिनाक्षी सिंह, मनीष दीक्षित, राधारानी गुप्ता, सत्येंद्र पांडेय, शिवकांत शुक्ला, अनिल शुक्ला, राकेश वर्मा, सुभाषचंद्र, उदय सिंह ने निराला की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कमलापति इंटर कॉलेज, एमएम पब्लिक स्कूल, गौरी, पतिराजा महिपाल इंटर कॉलेज घाटमपुर खुर्द, सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज व लक्ष्मी नारायण पब्लिक इंटर कॉलेज व रामदूत विद्यालय इंदेमऊ में वसंत उत्सव मनाया गया। छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।