सोनिक। सड़े मुर्गी के मांस से भरे ट्रक को दही चौकी क्षेत्र में खड़ा कर गंदगी फैलाने वाले चालक के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसते हुए रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा है।
सदर कोतवाली क्षेत्र दही चौकी औद्योगिक एरिया साइड एक में सोमवार एक स्लाटर हाउस के सामने मांस से भरा ट्रक खड़ा मिला था। मांस सड़ जाने से गंदगी फैलने से लोगों का निकलना दूभर हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मांस को जमीन में दफन करा चालक हापुड़ जिला के सदर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास बुलंदशहर रोड निवासी केशर पुत्र शकील से पूछताछ की। उसने बताया था कि शनिवार 14 मार्च को उसने बाराबंकी के एक व्यापारी के आर्डर पर दिल्ली की मुर्गा मंडी से मुर्गे का मांस बर्फ लगाकर लोड किया और बाराबंकी के लिए निकला। एटा में ट्रक खराब होने पर मांस सड़ गया। जिस पर व्यापारी ने मांस लेने से मना कर दिया। मांस को ठिकाने लगाने के लिए वह ट्रक लेकर दही चौकी पहुंच गया। पुलिस ने चालक के विरुद्ध गंदगी फैलाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया।