बांगरमऊ। कोतवाली पुलिस ने शराब ठेके के मुनीम से बीते दिनों हुई लूट का रविवार को पर्दाफाश कर दो लुटेरों को दबोच लिया है और उनके कब्जे से लूट में शामिल बोलेरो तथा नकदी सहित एक असलहा भी बरामद किया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पलिया निवासी शराब ठेके का मुनीम रतन कुमार विगत 17 मार्च की सुबह ग्राम रुरी सादिकपुर व रंजीत खेड़ा स्थित शराब ठेके से 49 हजार रुपये लेकर बाइक से घर आ रहा था। बाइक पर उसके साथ पड़ोसी ग्राम सहदानी निवासी रमेश भी बैठा था। ग्राम गोशा प्रयागपुर माइनर पर बोलेरो सवार चार बदमाशों ने मुनीम और उसके साथी की पिटाई कर पैसे लूट लिए थे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रंजीत सिंह यादव तथा हरिनाथ यादव, बीके तिवारी व संतोष यादव उपनिरीक्षक ने पुलिस बल के साथ संडीला मार्ग पर स्थित जोगीकोट मोड़ पर मौजूद थे। तभी एक संदिग्ध बोलेरो तेजी से मार्ग से गुजरी।
पुलिस के रोकते ही जीप में बैठे चाराें बदमाश फायर करते हुए भागने लगे। तभी पुलिस ने दौड़ाकर दो बदमाशों को दबोच लिया, जबकि दो बदमाश भागने में सफल हो गए। पूछताछ में एक ने अपना नाम कोतवाली क्षेत्र के ही ग्राम अरगूपुर के मजरा गनीपुर निवासी संजय बताया।
उसके कब्जे से एक पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस तथा लूट के 42 सौ रुपये तथा ग्राम जैतापुर निवासी शिवकुमार रैदास से लूट के कुल 4650 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने दोनों बदमाशों की शिनाख्त कराने के बाद जेल भेज दिया।