उन्नाव। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में लगी सेलेक्ट्रा मशीन की मरम्मत के बाद ट्रायल चल रहा है। इससेपांचवें दिन भी मरीजों के सैंपल नहीं लिए गए। किडनी, लिवर और लिपिड प्रोफाइल (खून में कोलेस्ट्रॉल की जांच) कराने पहुंचे 32 मरीजों को लौटना पड़ा।
जिला अस्पताल में सोमवार सुबह मशीन में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके बाद मशीन की मरम्मत न होने से जांचें बंद चल रही हैं। बुधवार को मशीन की मरम्मत कराई गई। इसके बाद मशीन में फिर दिक्कत आ गई। गुरुवार को फिर मरम्मत कराई गई और ट्रायल किया गया।
शुक्रवार को जांच के लिए पहुंचे 32 मरीजों के सैंपल नहीं लिए गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने उनसे अगले दिन आने के लिए कहा। सीएमएस डॉ. आरए मिर्जा ने बताया कि मशीन की मरम्मत करा दी गई है, लेकिन ट्रायल के कारण अभी सैंपल नहीं लिए गए हैं। उम्मीद है शनिवार से मशीन का संचालन शुरू हो जाएगा।