उन्नाव। खुद के अपहरण की सूचना देकर एक युवक ने परिजनों के साथ पुलिस की नींद उड़ा दी। ममेरे भाई की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की तो मोबाइल लोकेशन के आधार पर बिहार पुलिस ने उसे देर रात पकड़ लिया।
अचलगंज थानाक्षेत्र के बाबूखेड़ा गांव निवासी अमित दिन में सब्जी बेचने व रात में शहर के मोहल्ला पीडी नगर में रहने वाले मामा के घर की देखरेख का काम करता है। सोमवार सुबह वह बाइक से निकल गया। दोपहर बाद उसने परिजनों को फोन कर बताया कि उसका अपहरण कर लिया गया है। कुछ लोग उसे मारपीट रहे हैं। अपहरण की सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। शहर में रहने वाले ममेरे भाई विशाल ने सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर अमित की तलाश शुरू की। उसका मोबाइल बंद जाता रहा। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो कभी रायबरेली के सरेनी तो कभी बिहार में उसकी मौजूदगी मिली। उसकी तलाश में पुलिस भी परेशान हो गई। मंगलवार शाम बिहार थानाक्षेत्र के एक गांव के लोगों ने फोन पर एसपी विक्रांतवीर को बताया कि एक युवक बाइक से गांव आया है। जो संदिग्ध लग रहा है। ग्रामीणों ने बाइक का नंबर भी बताया। जिसके बाद बिहार पुलिस ने पकड़ लिया। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र के मुताबिक, खुद के अपहरण की झूठी सूचना देने वाले युवक ने पूछताछ में बताया कि बिहार थाने के पास एक गांव में उसका नजदीकी रहता है। जिससे वह मिलने के लिए गया था। उसने अपहरण की झूठी सूचना देने की बात भी स्वीकार की।