कांवड़ लेकर लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर जा रहे छह कांवड़ियों को लखनऊ में तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। इनमें एक की मौत हो गई जबकि पांच घायल हैं जिन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। महाशिवरात्रि पर्व से पहले बेहटामुजावर क्षेत्र के गांव कमलापुर से 18 कांवड़ियों का एक जत्था 10 फरवरी को लखनऊ के बोधेश्वर बाबा के दर्शन करने के लिए निकला था।
बिठूर घाट से गंगाजल लेकर सभी पैदल बोधेश्वर धाम जा रहे थे। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के रास्ते शनिवार रात करीब नौ बजे सभी लखनऊ पहुंचे ही थे तभी पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने छह कांवड़ियों को टक्कर मार दी। घटना में कमल किशोर (37), रामसागर (18), मनफूल (38), छुन्नू (40), नन्हेंलाल (35) और देवेंद्र कुमार (38) घायल हो गए। पुलिस ने सभी को लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उपचार के दौरान कमल किशोर की मौत हो गई। वह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। मौत की सूचना पिता जगदीश, मां रामजानकी, पत्नी सुमन, बच्चे शिवम (9) और जान्हवी (6) का रो रोकर बुरा हाल है।