उन्नाव। मेला की वजह से शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बदहाल हो गई है। शहर की सड़कों पर दिन भर जाम के हालात बने रहते हैं। बार बार जाम में एंबुलेंस भी फंस जाती हैं। बुधवार को मरीज को लेकर आ रही एंबुलेंस बीस मिनट तक जाम में फंसी रही। जाम में एंबुलेंस न फंसने पाए इसके लिए उनका रूट बदलना पड़ा। बुधवार दोपहर बाद एंबुलेंस लखनऊ बाईपास से घूमकर हाईवे के रास्ते जिला अस्पताल पहुंची।
दिवाली का त्योहार नजदीक होने व मेला की वजह से शहर में ट्रैफिक व्यवस्था का बुरा हाल हो गया है। खरीदारों की भीड़ की वजह से बड़ा चौराहा से लेकर गांधी नगर तिराहा तक जाम के हालात दिन भर बने रहते हैं। जाम में कई बार अधिकारियों का काफिला भी फंस चुका है। जबकि स्कूल के वाहन हर रोज जाम में फंसे रहते हैं। बुधवार को बाजार में भीड़ अधिक होने से सफीपुर, बांगरमऊ, मांखी, फतेहपुर चौरासी, मियागंज व हसनगंज से आने वाली एंबुलेंस जाम में फंस गई। एंबुलेंस के कई बार जाम में फंसने पर दोपहर बाद उनका रूट बदल दिया गया। जाम की वजह से दोपहर एक बजे के बाद एंबुलेंस को हाईवे से जिला अस्पताल तक लाया गया। देर शाम हालात सामान्य होने पर रूट दोबारा बदल दिया गया था। 108 व 102 एंबुलेंस सेवा के प्रभारी विराट ने बताया कि एंबुलेंस चालकों को हिदायत दी गई है कि वह जबरदस्ती जाम में न फंसी। जाम की स्थिति में वह हाईवे से घूमकर अस्पताल आ सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने संभाली कमान
शहर में लगातार बन रहे जाम के हालात पर अब ट्रैफिक पुलिस ने कमान संभाल ली है। शहर के डीएसएन रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों का डायवर्जन रोक दिया गया है। छोटा चौराहा, बड़ा चौराहा, गांधी नगर तिराहा पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल तैनात किया गया है।