फोटो- 6
घटना के दौरान मददगार में शामिल चोरों ने भी लाखों का सामान किया पार
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव (बांगरमऊ)। नौनिहालगंज बाजार में बुधवार रात लगी भीषण आग पर रात करीब 11:30 बजे पूरी तरह से काबू पा लिया गया। आग से करीब 21 लाख का नुकसान हुआ है। घटना के दौरान मददगार बने चोरों ने कई दुकानों से सामान पार कर दिया।
नौनिहालगंज के फुलवड़िया मैदान में लगने वाली बाजार में बुधवार रात करीब 8:30 बजे आग लग गई थी। सीओ, कोतवाल मौके पर पहुंचे और पड़ोसियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। आनन-फानन फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन संकरा रास्ता होने से वह सही जगह पर नहीं पहुंच पाई।
रात करीब 11:30 बजे आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। आग ने दुकानदार कलीम, महेश, फुरकान की कपड़ों की दुकान के साथ छंगा व इमरान की जूते चप्पलों की दुकान सहित एक दर्जन दुकानों को चपेट में ले लिया। घटना के दौरान चोर भी सक्रिय रहे। आग बुझने के बाद दुकानदारों ने जब माल देखा तो आफाक की कपड़े की दुकान के साथ नूर मोहम्मद, मनोज और अरुण के रेडीमेड कपड़ों की दुकान से कपड़ों के कई बंडल गायब मिले।