बीघापुर। तहसील क्षेत्र के गांव भोगैता में हर बुधवार प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में आए फरियादियों की अधिकांश समस्याओं का मौके पर निस्तारण करने का प्रयास किया गया।
एसडीएम क्षितिज द्विवेदी ने अधिकारियों के साथ चौपाल लगाई। इस दौरान तीन नए राशन कार्ड व दो में नाम बढ़वाने का प्रार्थनापत्र मिलने पर एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक को तुरंत समाधान कराने के निर्देश दिए। वरासत के तीन मामलों का तुरंत ही निस्तारित किया गया।
गांव की रीता देवी पत्नी सोनू जमीन की पैमाइश के लिए पिछले छह माह से तहसील का चक्कर काट रही थी। एसडीएम ने मौके पर से ही समस्या निस्तारित कराई। पेंशन के तीन मामलों का बीडीओ को तुरंत निस्तारित करने के निर्देश दिए। आवास के लिए आए प्रार्थनापत्र पर मौके पर टीम भेजकर तुरंत जांच कराई गई।
राजस्व के भूमि नाप के पांच मामले आए, जिसमें कानूनगो अनवर अहमद से पांच दिन के अंदर समाधान कराने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार अरसला नाज, नायब तहसीलदार अशोक कुमार शुक्ला व स्नेहा यादव, बीडीओ विनोद मणि त्रिपाठी, एडीओ पंचायत प्रताप नारायण द्विवेदी, लेखपाल संतोष साहू, इंदामऊ चौकी इंचार्ज सूरज सिंह, ग्राम प्रधान सुशील कुमार सविता, हरिओम सिंह, डॉक्टर रमेश लोधी व हरि शंकर आदि रहे।
क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक 24 जून को
बीघापुर। विकासखंड के क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक 24 जून को ब्लॉक सभागार में प्रमुख पुष्पा पासवान की अध्यक्षता में होगी। बीडीओ विनोद मणि त्रिपाठी ने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना, मनरेगा, पंचम व पंद्रहवें राज्य वित्त आयोग ,राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, वृद्धावस्था आदि पेंशन योजनाओं पर विचार किया जाएगा। (संवाद)