कार्यालय पहुंचे आवेदक के प्रपत्रों को देखतीं एआरटीओ रितु सिंह ।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। नई एआरटीओ रितु सिंह ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान पटल पर बैठे लिपिकों से कहा कि बिचौलियों के माध्यम से डीएल, वाहन फिटनेस समेत अन्य कोई काम नहीं हाेंगे। आवेदकों को चलता करने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बिचौलियों के दफ्तर में प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगाई है।
31 जनवरी को एआरटीओ अनिल त्रिपाठी के सेवानिवृत्त होने के बाद 2000 बैच की एआरटीओ रितु सिंह को कार्यभार सौंपा गया। मंगलवार दोपहर एक बजे रितु सिंह ने कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण किया। रिकार्ड रूम में बिखरी पड़ी फाइलों को देख नाराजगी जताई।
लाइसेंस समेत अन्य प्रपत्र बनवाने पहुंचे आवेदकों से जानकारी ली। पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कार्यालय में बिचौलियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। लखनऊ में पहली तैनाती के दौरान बेहतरीन कार्य करने पर उन्हें वूमेन अचीव इन गवर्नमेंट सेक्टर का सम्मान मिल चुका है। वह उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से सम्मानित हो चुकी हैं। राज्य महिला आयोग से भी उन्हें नारी सम्मान मिल चुका है।