उन्नाव। सुबह 10 से 12 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहने के शासन के आदेशों की जिलास्तरीय अधिकारी किस प्रकार धज्जियां उड़ा रहे हैं इसका खुलासा शनिवार को जिला विकास अधिकारी के निरीक्षण में हुआ।
डीडीओ को सुबह 10.10 बजे निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के आठ अधिकारी समेत 50 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। निरीक्षण अधिकारी ने सभी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
जिला विकास अधिकारी एनबी सविता ने शनिवार सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर विकास भवन स्थित कार्यालयों का निरीक्षण करना शुरू किया। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में एक्सईएन समेत 11 कर्मचारी कुर्सी पर नहीं मिले। डीआरडीए में सहायक अभियंता समेत चार कार्मिक अनुपस्थित पाए गए।
डूडा में परियोजना निदेशक समेत क्लीनर, जिला विकास कार्यालय में दो, सहायक कल्याण विभाग में जिला समाज कल्याण अधिकारी समेत तीन, नेडा में पीओ समेत दो, पंचायत विभाग में डीपीआरओ समेत 10 कर्मचारी सुबह 10.35 बजे तक अपने कुर्सियों पर नहीं पहुंच सके थे। डीडीओ ने सभी का वेतन रोक दिया है। साथ ही दो दिन में मामले को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है।