गंजमुरादाबाद। अवैध निर्माण को तोड़ने को लेकर चेयरमैन व सभासद पर दर्ज कराए गए मुकदमे में एडीएम ने ईओ को आपसी तालमेल के साथ काम करने की सलाह दी है। साथ ही किसी प्रकार की कार्रवाई से पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष से विचार-विमर्श अवश्य करने का सुझाव दिया है। हालांकि ईओ ने अधिकारियों से अपना स्थानांतरण करने के लिए कहा है।
नगर के वार्ड नंबर दो के सभासद अबरार खां ने एक दुकान का निर्माण कराया है। जिसे अवैध बताते हुए ईओ कुंवर गौरव सिंह 12 जुलाई की शाम टीम के साथ उसे तोड़ने पहुंचे थे। कार्रवाई को लेकर सभासद और ईओ के बीच तीखी नोंकझोंक हुई थी। सूचना पर पहुंचे चेयरमैन रामनरेश कुशवाहा और अधिशासी अधिकारी के बीच भी झड़प हुई थी।
जिससे ईओ ने सभासद और चेयरमैन के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने और धक्कामुक्की करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली बांगरमऊ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसपर मंगलवार को चेयरमैन भी जिलाधिकारी से मिले थे और ईओ द्वारा की गई कार्रवाई को अवैध बताया था। जिस पर जिलाधिकारी ने इस मामले की जांच एडीएम को सौंपी थी।