रोज सैकड़ों ओवरलोड वाहनों के आवागमन से सड़कें ध्वस्त हो रही हैं।
- फोटो : अमर उजाला
बीघापुर तहसील क्षेत्र में कई स्थानों पर खनन माफिया अवैध खनन करा रहे हैं। रात को शुरू होने वाला यह खनन सुबह तक चलता है। रोज सैकड़ों ओवरलोड वाहनों के आवागमन से सड़कें ध्वस्त हो रही हैं।
बीघापुर तहसील में रायपुर, कर्मी गढ़ेवा, बक्सर सहित कई स्थानों पर अवैध बालू खनन जोरों पर है। शाम होते ही जेसीबी और पोकलैंड गंगा कटरी को छलनी करने लगती हैं। सैकड़ों ट्रक बालू उन्नाव, फतेहपुर, रायबरेली और लखनऊ सप्लाई की जाती है। बक्सर बिहार, भगवंतनगर, शिवगंज-कर्मीगढ़ेवा मार्ग, धानीखेड़ा-चंदरपुर मार्ग सहित अन्य सड़कों की हालत खस्ता है। ओवरलोड ट्रक व डंपर फंसने से अक्सर जाम भी लगता है।
जिला खनन अधिकारी पीके सिंह ने बताया कि मौजूदा समय में बीघापुर तहसील में केवल सेहड़ूपुर गांव के पास गंगा से बालू निकालने का पट्टा हुआ है। इसके अलावा निजी भूमि से बालू निकालने के लिए जो भी परमिट लिए गए थे उनकी मियाद खत्म हो चुकी है। खनन अधिकारी ने बताया कि जांच की जाएगी अगर कहीं अवैध खनन या ओवर लोडिंग मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।