उन्नाव। किसानों के लिए अच्छी खबर। इफ्को डीएपी की एक और रैक जिले को आवंटित हुई है। इसे साधन सहकारी समितियों में भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
रबी सीजन की बुआई चल रही है। किसान गेहूं सहित अन्य फसलों की बुआई कर रहे हैं। इस सीजन में डीएपी की मांग ज्यादा है। इसको देखते हुए शासन को इफ्को को डीएपी का मांगपत्र भेजा गया था। बुधवार को 2880 मीट्रिक टन (एमटी) (57600 बोरी) इफ्को डीएपी की रैक सोनिक रेलवे यार्ड पहुंच गई है।
जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा ने बताया कि इफ्को खाद को जिले की साधन सहकारी समितियों और इफ्को केंद्रों को आवंटित कर दिया गया है। जल्द ही समितियों और केंद्रों पर खाद पहुंच जाएगी। बताया कि किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। बताया कि जानकारी में आया है कि कुछ किसान अलग-अलग समितियों से खाद उठा रहे हैं। ऐसे किसानों की सूची तैयार की जा रही है।
बताया कि जिले में डीएपी और एनपीके की कुल 21260 एमटी की उपलब्धता है। इसके सापेक्ष 11038 मैट्रिक टन का वितरण किसानों को कराया जा चुका है। बताया कि निजी कंपनी की डीएपी 520 एमटी का स्टॉक भी मिलने वाला है। इससे रबी सीजन में डीएपी की किल्लत नहीं होगी।