उन्नाव। रबी सीजन शुरू होने से पहले इफ्को ने खाद के दाम घटा दिए हैं। शनिवार से ही नए मूल्य पर खाद की बिक्री भी शुरू कर दी गई है।
दिवाली के बाद रबी सीजन की शुरुआत होगी। किसान रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं की बुआई शुरू कर देंगे। कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस सीजन की प्रमुख फसल गेहूं में डीएपी ही डाली जाती है। एक अनुमान के मुताबिक, रबी सीजन में करीब 25 हजार मीट्रिक टन डीएपी का प्रयोग होता है। शुक्रवार तक डीएपी (50 किग्रा. का बैग) 1250 रुपये में बिकी थी।
देर शाम रेट में 50 रुपये की कमी कर दी गई। शनिवार सुबह 1200 रुपये से बिक्री चालू हुई। इसके अलावा एनपीके (12:32:16) खाद के दामों में 25 रुपये कम हुए हैं। अभी तक एनपीके 1210 रुपये में बिक रही थी। इफ्को के एरिया मैनेजर मानवेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम को नए रेट जारी हुए थे। शनिवार सुबह से नई कीमत पर खाद की बिक्री शुरू करा दी गई।