कस्बा के पास र्सइं नदी के जर्जर पुल पर भारी वाहनों के आवागमन पर अंकुश नहीं लगा तो मंगलवार को पीडब्ल्यूडी ने पुल पर दीवार खड़ी करा दी। अब इस पुल से छोटे दो व चार पहिया वाहन ही निकल सकेंगे।
औरास के पास स्थित सईं नदी पर बना 50 साल पुराना पुल काफी जर्जर हो चुका है। आगरा एक्सप्रेस-वे के लिए निर्माण सामग्री ले जाने व लखनऊ-कानपुर की बीच ओवर लोड भारी वाहनों के आवागमन से करीब एक महीने से यह पुल टूटने लगा था। पुल के पिलर टूटने के बाद गुरुवार को पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन एमपी चौरसिया ने इस पुल से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने के आदेश दिए थे। वाहनों को रोकने के लिए विभाग ने एक कर्मचारी को लाल झंडी लेकर खड़ा किया था, लेकिन भारी वाहनों के चालक नही माने।
इसके चलते सोमवार की रात पुल की स्लैब भी धंस गई। हादसे की आशंका के चलते मंगलवार को 4.30 मीटर चौड़े इस पुल के 1.80 मीटर हिस्से में दीवार बनवा दी गई। इसके बचे 2.30 मीटर चौड़े इस रास्ते से अब ट्रैक्टर-ट्राली भी नहीं निकल पा रही है। अब इस पुल से केवल छोटे दो व चार पहिया वाहन ही निकल पाएंगे। पीडब्ल्यूडी, निर्माण विभाग के एक्सईएन एमपी चौरसिया ने बताया कि दीवार बनाकर वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है। उन्होंने बताया कि अगर किसी ने दीवार तोड़कर निकलने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।