उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र में बच्ची से हैवानियत के बाद गला घोटकर हत्या की वारदात करने वाले तक पहुंचने के लिए पुलिस हर बिंदु पर छानबीन कर रही है। 1200 आबादी वाले इस गांव में पुलिस ने संदिग्धों की सूची तैयार की है। यह वह हैं जिनका नाम पूर्व में पुलिस तक पहुंचा हो। इसके लिए गांव महिलाओं और छात्राओं की मदद ली गई है। संदेह पुख्ता होने पर पुलिस उनका डीएनए टेस्ट कराएगी।
एसपी विक्रांतवीर ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है। बताया कि बच्ची को बचाने की हर स्तर पर कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि आरोपी कोई भी हो अधिक दिन तक बच नहीं पाएगा। आरोपी तक पहुंचने के लिए गांव व आसपास के गांवों के हर संदिग्ध पर नजर है जिसका आपराधिक इतिहास रहा है या किसी न किसी मामले में पुलिस थाने तक उसका नाम पहुंचा। संदिग्धों को चिह्नित करने का काम जारी है। महिला पुलिस टीम को गांव व आसपास के सरकारी व गैरसरकारी स्कूलों में भेजा गया। बताया कि जरूरत पड़ी तो सभी संदिग्धों का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। फिलहाल 10-12 लोगों से पूछताछ की जा रही है।