शहर के मोहल्ला लोधनहार में मकानों की छतों को छूती विद्युत लाइन।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। बिजली विभाग कटिया रोकने के लिए शहर और ग्रामीण इलाकों में एबीसी (एरियल बंच कंडक्टर) लाइन बिछाने का दावा करता रहता है लेकिन उन्नाव नगर पालिका परिषद के ही मोहल्ले लोधनहार में हाईटेंशन लाइन (एचटी) के तार के सहारे विद्युत आपूर्ति हो रही है।
लोगों के घरों की छतों से छूते हुए निकली एचटी लाइन के तार यहां के लोगों के लिए खतरा बने हैं। बारिश से खतरा और बढ़ने से लोग अपने घर की छत पर नहीं जाते। शहर के मोहल्ला लोधनहार पुलिया से आगे बाएं हाथ पहली गली में सैकड़ों मकान हैं। यहां पर बिजली आपूर्ति के लिए सीमेंटेड पोल भी लगे हुए हैं लेकिन इन पोलों पर एबीसी लाइन डालने की बजाए एचटी तार ही गुजारे गए हैं।
आलम यह है कि अधिकांश तार लोगों के घरों की छतों से छूते हुए निकले हैं। इन तारों में हर समय 440 वोल्ट का करंट दौड़ता रहता है। जिससे लोगों में इसको लेकर दहशत बनी रहती है। लोगों ने अपने बच्चों तक को छत पर जाने से रोक रखा है। बारिश के समय में तो पूरे घर में करंट उतरने का खतरा बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों ने एक बार नहीं बल्कि कई बार जेई, एसडीओ व एक्सईएन को प्रार्थनापत्र दिया लेकिन समाधान के नाम पर कुछ नहीं हुआ। अफसरशाही से हारकर लोगों ने खुद ही अपने हाथों से अपनी छतों से गुजरे एचटी लाइन के तारों को प्लास्टिक पाइप से बांध रखा है।