उन्नाव। हाइवे पर गुरुवार सुबह बड़ा हादसा होते बचा। सोनिक विद्युत उपकेंद्र से चमरौली फीडर को जाने वाली लाइन सड़क की मरम्मत में लगे डंपर में फंस कर टूट गई।
वहां पर ड्राइवर वाहन छोड़कर भाग गए। गनीमत रही कि हादसे के समय विद्युत आपूर्ति बंद थी। काफी मशक्कत के बाद तार काट कर डंपर को निकाला जा सका। इस दौरान करीब दो घंटे तक हाइवे पर जाम लगा रहा।
लखनऊ-कानपुर हाइवे की मरम्मत का काम चल रहा है। गुरुवार सुबह सड़क पर गिट्टी उतारने के बाद एक डंपर चालक डंपर का डाला बंद किए बगैर ही चल दिया। इससे सोनिक विद्युत उपकेंद्र के चमरौली फीडर की विद्युत लाइन के तार डंपर में फंस गए और पोल टूटने से तार जमीन पर आ गए।
विद्युत लाइन फंसते ही डंपर के चालक और क्लीनर समेत आसपास काम कर रहे सभी कर्मचारी भाग खड़े हुए। करंट से डंपर में आग लगने की आशंका से लखनऊ और कानपुर की ओर जा रहे वाहन चालक भी दूर हटकर खड़े हो गए। वहां जाम की स्थिति हो गई।
गमनीमत रही कि हादसे के वक्त विद्युत आपूर्ति नहीं हो रही थी। एनएचएआई के क्षेत्रीय आधिकारियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद जेई दरबारी लाल मौके पहुंचे और डंपर में फंसे एचटी लाइन के तार को निकाल। इस दौरान करीब दो घंटे तक हाइवे पर आवागमन ठप रहा। लोग घंटों परेशान रहे।