उन्नाव। होमगार्ड परीक्षा के दूसरे दिन आए अभ्यर्थियों को परेशानी उठानी पड़ी। ग्रामीण क्षेत्र में पड़े सेंटर में छात्रों को टिनशेड के नीचे बैठकर परीक्षा देने से उन्हें पसीने छूटे साथ ही रात भी उन्हें सड़क किनारे दुकानों के बाहर बैठकर गुजारनी पड़ी। दोनों पालियों में नौ केंद्रों पर 3508 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
सदर तहसील के जनता शिक्षा निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रऊकरना को होमगार्ड परीक्षा का केंद्र बनाया गया है। परीक्षा के दूसरे दिन पहली पाली में हरदोई, लखनऊ, लखीमपुर, रायबरेली, सीतापुर से अभ्यर्थी परीक्षा देने आए थे। शहर से आठ किमी दूर अभ्यर्थी रात को ही रऊकरना गांव पहुंच गए। परीक्षा देने आए स्नातक पास हरदोई के जितेंद्र कुमार, बीएससी कर रहे मल्लावां के अंबिका, बीएड कर रहीं हरदोई की सुधा, बीएससी कर रहीं लखनऊ की अनीता पाल, रायबरेली की संजना पटेल बीएड, लखीमपुर खीरी के विपिन कुमार बीए, सीतापुर की लक्ष्मी देवी और बारहवीं पास शैलेंद्र ने बताया कि हम लोग शनिवार रात को ही आ गए थे। लेकिन ग्रामीण क्षेत्र होने से रुकने की कोई व्यवस्था नहीं हुई तो बंद दुकानों के बाहर ही चादर बिछाकर सो गए। आसपास खाने के लिए ढाबे भी नहीं थे, इसलिए रात में कुछ खाने को भी नहीं मिला। छात्रों का कहना था कि जिस स्कूल में केंद्र था, वहां कमरों के ऊपर टिनशेड रखा हुआ था, उसकी तपिश से परीक्षा देना भी काफी महंगा पड़ा। बता दें कि होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए अटल बिहारी इंटर कॉलेज, जीआईसी, जीजीआईसी, डॉ. जीनाथजी, डॉ. श्याम कुमार सेठ, जनता इंटर कॉलेज रऊकरना, जीजीआईसी नवाबगंज, जीआईसी चमरौली और ओपीजेडी इंटर कॉलेज शुक्लागंज को केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर दो पालियों में हुई परीक्षा में सुबह पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक हुई। सुबह पाली में परीक्षा में 2448 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, 1774 ने परीक्षा दी, 674 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली की परीक्षा शाम तीन से पांच बजे तक हुई। पंजीकृत 2448 में 1734 ने परीक्षा दी। 714 ने परीक्षा छोड़ दी।
एडीएम न्यायिक अमिताभ यादव ने बताया कि परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। दोनों पालियों की ओएमआर शीटों को कोषागार में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
चमरौली स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में होमगार्ड की परीक्षा देने आए लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ से परीक्षा देने आए सोनेलाल ने बताया कि वह ट्रेन से लखनऊ आए, वहां से रोडवेज बस परिचालक ने नवाबगंज के बजाए उन्नाव तक का 97 रुपये का टिकट बना दिया। उसने स्टॉप न होने की मजबूरी बताकर पूरा किराया लेने की बात बताई। इसके बाद परीक्षा केंद्र में गर्मी से परेशान होना पड़ा।
चमरौली स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में सीतापुर से परीक्षा देने आए बीएससी पास शैलेंद्र कुमार ने बताया कि वह बाइक से आए थे। उन्हें स्कूल ढूंढने में थोड़ी परेशानी हुई। बाकी सब सही रहा। पेपर भी अच्छा हुआ।
फोटो-30- अटल बिहारी इंटर कॉलेज में परीक्षा देने जाते अभ्यर्थी। संवाद
फोटो-30- अटल बिहारी इंटर कॉलेज में परीक्षा देने जाते अभ्यर्थी। संवाद
फोटो-30- अटल बिहारी इंटर कॉलेज में परीक्षा देने जाते अभ्यर्थी। संवाद