शनिवार को फाल्गुन महोत्सव ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित हुरंगा उत्सव की शुरुआत आवास विकास कालोनी के वृंदावन गार्डेन से हुई। ट्रस्ट के अध्यक्ष राकेश सिंह ने भगवान श्रीकृष्ण व राधारानी की आरती उतारी। इसके बाद हुरंगा ने शहर के विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। हुरंगा में शामिल लोगों ने जमकर नृत्य किया। रास्ते में कलाकारों ने लोगों के साथ गुलाल व फूलों की होली खेली। इसके बाद आईबीपी चौराहा पर पेठा होली, बस स्टाप पर बालूशाही होली, बड़ा चौराहा पर गुझिया होली, झंडेश्वर महादेव मंदिर पर समोसा होली, दुर्गा मंदिर के निकट बूंदी होली, स्टेट बैंक के पास रसगुल्ला होली, छोटा चौराहा पर जलेबी होली डीएसएन कॉलेज मोड़ पर बर्फी होली, कलक्टरगंज फाटक के पास पेड़ा होली और फिर गांधी नगर चौराहा पर लड्डू होली ने लोगों को इस पर्व का अलग ही एहसास कराया। हुरंगा में शामिल झांकी में भगवान श्रीकृष्ण पुष्प विमान पर सवार थे। इस दौरान हुरियारों व होरियारनों के मध्य लट्ठमार होली का दृश्य देख उपस्थित लोग भावविभोर हो गए। इस दौरान हुरियारों द्वारा की जा रही गुलालों की वर्षा, मोर मोरनी बनी राधा कृष्ण व सखियों के आकर्षक मयूर नृत्य ने लोगों का मनमोह लिया। इस दौरान सपा नेत्री मनीषा दीपक, मुन्ना सिंह अवधूत, हरिओम सिंह, अशोक रस्तोगी, अजीत पाल सिंह, सुधा अवस्थी, शोभा पांडेय, ममता द्विवेदी, रानी सिंह, मनीष सेंगर, राजेंद्र तिवारी, अमित मिश्रा, योगेंद्र सिंह चंदेल आदि रहे।