उन्नाव। कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में घायल शातिर लुटेरा गोविंद द्विवेदी उन्नाव के अजगैन कस्बे का निवासी है। वह जीआरपी लखनऊ का हिस्ट्रीशीटर भी है। उन्नाव व लखनऊ के अलावा आरोपी पर संगीन धाराओं में 13 मामले दर्ज हैं। जिसमें ट्रेन डकैती, हत्या के प्रयास व अपहरण जैसे मामले शामिल हैं।
अजगैन कस्बा निवासी गोविंद 25 दिसंबर बुधवार को देर शाम अपने पांच साथियों के साथ कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में लूट के इरादे से एक ज्वैलरी शॉप में घुसा था। सूचना पर पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो भागने में सफल रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान ही गोविंद ने पुलिस पर फायरिंग की थी। बचाव में पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोविंद के पैर में गोली लगी थी। कानपुर पुलिस की गोली से घायल हुआ गोविंद उन्नाव के अजगैन कस्बा का रहने वाला है।
अजगैन थाना में उसके खिलाफ लूट, हत्या का प्रयास, गुंडा एक्ट व आर्म्स एक्ट के 10 मामले दर्ज हैं। इसी तरह इटावा में उस पर जानलेवा हमले के साथ अपहरण के दो मामले दर्ज हैं। इसके अलावा लखनऊ जीआरपी में उसके विरुद्ध ट्रेन डकैती का मामला दर्ज किया गया था। लखनऊ जीआरपी ने भी उसकी हिस्ट्रीशीट भी जारी की थी। अजगैन कोतवाल अजयराज वर्मा ने बताया कि निगरानी के दौरान शातिर गोविंद कभी भी घर पर नहीं मिला। जिस पर उसे लापता घोषित किया गया है।