शहर के मोतीनगर में धार्मिक सद्भावाना के लिए आयोजित ख्वानी व सुंदरकांड में मौजूद हिंदू मुस्लिम ध?
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। ईश्वर अल्ला तेरे नाम, सब को सन्मति दे भगवान, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के इस भजन का संदेश देकर हिंदू-मुस्लिम एकता को और मजबूत करने के लिए शहर वासियों ने नए साल पर नई मिसाल पेश की। एक मंच पर हिंदू व मुस्लिमों ने कुरान ख्वानी की बाद में बजरंग बली की पूजा-अर्चना कर सुंदरकांड का पाठ किया। लगभग पांच घंटे चले इबादत और पूजा के इस अनोखे आयोजन में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। दोनों धर्म के लोगों ने एक दूसरे के गले लगाकर आपसी सौहार्र्द कायम रखने का प्रण लिया।
घायल व बीमार पशुओं का इलाज कराने वाली संस्था हनुमंत जीव आश्रय के संस्थापक अखिलेश अवस्थी व कारोबारी नफीस व नजम खान ने गोसेवा में सभी धर्मों की सहभागिता बढ़ाने के लिए शहर के हरदोई ओवरब्रिज के निकट एक पेट्रोल पंप पर कार्यक्रम का आयोजन किया। पहले उजैर व फैजान ने कुरानख्वानी ‘जीना मरना है सब कुछ नबी के लिए’ से शुरुआत की। इसमें हिंदू धर्म के लोगों ने मंच साझा कर इबादत की।
कुरानख्वानी के बाद उसी मंच से सुंदरकांड पाठ किया गया। जिसमें दोनों धर्म के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। आपसी सौहार्र्द के इस मंच को एएसपी वीके पांडेय ने भी साझा किया। कार्यक्रम आयोजक नजम खान ने कहा कि गाय से सिर्फ हिंदुओं का ही रिश्ता नहीं है। गाय की सेवा में मुस्लिम भी योगदान करें। इसके लिए एक ही मंच से पहले कुरानख्वानी पढ़ी गई और बाद में बाबा का गुणगान किया गया। कार्यक्रम समापन पर नफीस व नजम खान ने दोनों धर्मों के लोगों से गोसेवा में बढ़चढ़ कर दान देने की अपील की। बाद में दोनों धर्मों ने प्रसाद भी चखा।