उन्नाव। रिकार्डतोड़ गर्मी और ओवरलोडिंग से सोमवार को शहर को बिजली सप्लाई करने वाले सब स्टेशन को हीटस्ट्रोक लग गया। बिजली आपूर्ति के लिए लगे 40 एमवीए के दोनों ट्रांसफार्मर ओवर हीट हो गए। जिसका तापमान 94 डिग्री पहुंचने से आनन-फानन शहर की सप्लाई रोक दी गई। उन्हें ठंडा होने में घंटों लगे। दोपहर दो बजे सप्लाई शुरू होने के कुछ देर बाद ही लखनऊ से इमरजेंसी रोस्टिंग शुरू हो गई।
शहर को बिजली आपूर्ति करने वाले कुंदनरोड विद्युत उपकेंद्र में लगे 40-40 एमवीए क्षमता के दोनों ट्रांसफार्मर सोमवार सुबह 11 बडे अचानक ओवर हीट हो गए। जेई के मुताबिक समान्य तौर पर 70 से 75 डिग्री तक सुरक्षित रहने वाले इन ट्रांसफार्मरों का तापमान 94 डिग्री पहुंच गया तो दोनों एक साथ ट्रिप हो गए। उपकेंद्र में मौजूद जेई राजकुमार ने दोबारा आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद शहर की आपूर्ति बंद कर दी गई और ट्रांसफार्मरों को ठंडा करने की कवायद शुरू की गई जिसमें तीन घंटे लग गए। इसके बाद दोपहर 2 बजे आपूर्ति शुरू हो पाई। हालांकि इसके कुछ देर बाद ही लखनऊ से इमजेंसी रोस्टिंग शुरू हो गई। जेई राजकुमार ने बताया कि भीषण गर्मी और दूसरी तरफ बिजली की खपत बढ़ने से ट्रांसफार्मर गर्म हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगातार नजर रखी जा रही है। जैसे ही ट्रांसफार्मर ओवर लोड होंगे आपूर्ति बंद कर दी जाएगी।