उन्नाव। जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर अंशू से पूछताछ के लिए दो विवेचकों ने न्यायालय में तलबी रिमांड का प्रार्थनापत्र दिया है। न्यायालय ने दोनो पत्रों को स्वीकारते हुए मंगलवार का दिन सुनवाई के लिए नियत किया है। शनिवार को उसने सीजेएम की न्यायालय में समर्पण कर दिया था। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा था।
सदर कोतवाली में वर्ष 2023 में फर्जी पासपोर्ट मामले में अंशू गुप्ता पर पासपोर्ट एक्ट व धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट हुई थी। इसी तरह गंगाघाट कोतवाली में वर्ष 2025 में कानपुर निवासी गोपी किशन गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने अंशू व उसके दो सहयोगी गुलजारी निषाद व देवेंद्र अवस्थी पर रंगदारी समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी।
एसपी के निर्देश पर सदर कोतवाली पुलिस पासपोर्ट मामले की पुनः विवेचना कर रही है। पुलिस का शिकंजा कसता देख फरार हिस्ट्रीशीटर ने शनिवार को न्यायालय में समर्पण कर दिया था। सोमवार को न्यायालय खुलने के बाद दोनों मुकदमों के विवेचकों ने सीजेएम की न्यायालय में अंशू की तलबी रिमांड बनवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। छह मई आज सुनवाई होगी।