उन्नाव। कुलदीप सेंगर प्रकरण में दुष्कर्म पीड़िता के चाचा पर जिले के विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन मुकदमों में से एक न्यायिक अभिलेखों में सफेदा (व्हाइटनर) लगाने के मुकदमे में चाचा की पेशी हुई। हालांकि गवाह नहीं आने से न्यायाधीश ने सुनवाई के लिए अगली तारीख 7 मार्च तय की है। पेशी के लिए दिल्ली पुलिस चाचा को कड़ी सुरक्षा में तिहाड़ जेल से लेकर आई।
दिल्ली पुलिस विभिन्न मुकदमों में आरोपी चाचा को सोमवार सुबह 4 बजे पुलिस लाइन लेकर आई। सुबह 10 बजे कड़ी सुरक्षा में न्यायालय लाया गया। यहां सीजेएम विराट सक्सेना के न्यायालय में चल रहे न्यायिक अभिलेखों में सफेदा (व्हाइटनर) लगाने के प्रकरण में सुनवाई के लिए पेश किया गया। लेकिन गवाह न आने से सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। इसपर न्यायाधीश ने पेशी की अगली तारीख 7 मार्च तय की है। वहीं, एडीजे षष्ठ के न्यायालय में विचाराधीन विधायक पक्ष की ओर से दर्ज कराए गए प्राण घातक हमले, एसीजेएम तृतीय न्यायालय में विचाराधीन पीड़िता के उम्र संबंधी प्रपत्र गलत देने के मामले के साथ इसी न्यायालय में सीबीआई के गवाह की मौत के बाद उसे जहर देकर मारने की झूठी सूचना देकर पुलिस को कब्र खुदवाने के लिए मजबूर करने और फर्जी टीसी और पीड़िता के चाचा व उनकी पत्नी (अब मृत) पर दर्ज मानहानि के मुकदमे में पेशी तारीख 28 फरवरी पहले ही तय है।