शहर के मोतीनगर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर पड़ी पीपीई किट को लेकर हंगामा करते ?
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। शहर के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीनगर में कोरोना की जांच के बाद प्रयोग की गई पीपीई किट को स्वाथ्य कर्मियों ने खुले में ही फेंक दिया। खुले में किट पड़ी देख मोहल्लेवासियों ने विरोध किया। सभासद मौके पर पहुंचे और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जानकारी देने के साथ ही कोतवाली में भी प्रार्थनापत्र दिया। शुक्रवार सुबह स्वास्थ्य कर्मियों ने पीपीई किट को नष्ट कराया।
मोतीनगर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने कैंप लगाकर रैपिड एंटीजेन किट से मरीजों की कोरोना जांच की थी। जांच के लिए दस स्वास्थ्य कर्मियों को पीपीई किट पहनाकर लगाया गया था। स्वास्थ्य कर्मियों ने तीन सौ लोगों की जांच की थी। मरीजों का सैंपल लेने के बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने पीपीई किट, मास्क और दस्तानों को सुरक्षित तरीके से डिस्पोज न कर स्वास्थ्य केंद्र के पास खुले में फेंक दिया।
मोहल्लेवासियों की नजर इस पर पड़ी तो मामला और बढ़ गया। जानकारी सभासद बृजेश पांडेय को दी गई। वह भी मौके पर पहुंचे और स्वास्थ्य अधिकारियों से बात की। कहा कि इस समय कोरोना के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। उसके बाद भी विभागीय कर्मचारियों ने इस प्रकार की लापरवाही की। बाद में उन्होंने कोतवाली में भी एक प्रार्थनापत्र दिया और मेडिकल वेस्ट की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पूरे दिन यह प्रक्रिया चलने के बाद शुक्रवार सुबह ही स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और पीपीई किट को नष्ट कराया।
सीएमओ बोले
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रयोग की गई किट को खुले में नही फेंका जा सकता, ऐसा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शिकायत मिली है, संबंधित लोगों से जवाब मांगा गया है।